इटारसी। त्योहारों के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल इटारसी पोस्ट द्वारा स्टेशन परिसर और ट्रेनों में की जा रही सघन जांच और सतर्कता के कारण अवैध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। आरपीएफ ने जहां अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे भारी मात्रा में पटाखे और शराब जब्त किए, वहीं अपनी तत्परता से एक यात्री की जान भी बचाई।
अवैध पटाखों और शराब पर शिकंजा
आरपीएफ इटारसी ने अलग-अलग मामलों में ट्रेनों में अवैध रूप से पटाखों और शराब का परिवहन करते हुए पाया। जांच के दौरान अवैध रूप से ले जाए जा रहे 32,956 रुपए मूल्य के पटाखे जब्त किए गए। इसी प्रकार, अवैध परिवहन की जा रही 3,640 रुपए मूल्य की शराब भी जब्त की गई। आरपीएफ ने जब्त की गई इन वस्तुओं के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में ज्वलनशील पदार्थ (पटाखे) और अवैध शराब का परिवहन यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करता है, जिसे रोकने के लिए आरपीएफ लगातार मुस्तैद है।
सीपीआर देकर बचाई यात्री की जान
सघन चैकिंग और ड्यूटी के दौरान आरपीएफ स्टाफ ने मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण भी पेश किया। गाड़ी संख्या 22537 (रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस) में सफर कर रहा एक यात्री पानी भरते समय अचानक मूर्छित होकर गिर गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ स्टाफ ने तुरंत यात्री को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया। आरपीएफ की इस त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से यात्री के जीवन की रक्षा की जा सकी।








