इटारसी। पांच दिवसीय दीपोत्सव के बाद, आज भैया दूज (23 अक्टूबर, 2025) के अवसर पर इटारसी के बाजारों और कृषि उपज मंडी में व्यापारिक गतिविधियां फिर से पूरे जोश के साथ शुरू हो गईं। व्यापारियों ने शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने कारोबार का पुन: श्रीगणेश किया।
बाजारों में ‘नमक’ की बिक्री से शुरुआत

शहर के मुख्य बाज़ारों में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों पर शुभ मुहूर्त में पूजन कर परंपरा अनुसार ‘नमक’ की बिक्री से अपने कारोबार का प्रारंभ किया। दीवाली के अवकाश के बाद यह परंपरा सदियों से चली आ रही है। इस दौरान दुकानों और प्रतिष्ठानों को दोबारा खोल दिया गया, जिससे शहर में फिर से रौनक लौट आई है।
कृषि उपज मंडी में ‘धना’ खरीदकर हुआ शुभारंभ
वहीं, इटारसी कृषि उपज मंडी में भी पांच दिन के अवकाश के बाद कामकाज शुरू हुआ। यहां भी व्यापारियों ने अपने तौल कांटों और पारंपरिक बही खातों की पूजा-अर्चना की। मंडी में यह परंपरा है कि नए कारोबार का प्रारंभ ‘धना’ (धनिये) की खरीद करके किया जाता है। परंपरा का निर्वाह करते हुए, मंडी में एवरग्रीन ट्रेडर्स ने 11071 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धना की खरीद करके कारोबार का पुन: प्रारंभ किया। इसके साथ ही, मंडी में आज से धान सहित अन्य फसलों की नीलामी भी शुरू हो गई है। कृषि उपज मंडी में धान की आवक 6000 बोरा, मक्का 4000 बोरा, गेहूं 1500 बोरा, सोयाबीन 600 बोरा, चना 200 बोरा थी।
आधुनिकता के साथ परंपरा का संगम
इस दौरान आधुनिक युग के साथ कदम मिलाते हुए कई व्यापारियों ने पारंपरिक बही खातों के साथ-साथ अपने कम्प्यूटर सिस्टम की भी पूजा की और उसके बाद कारोबार शुरू किया। युवा व्यापारी हिमांशु बाबू अग्रवाल ने इस संबंध में कहा, ‘यह कम्प्यूटर का युग है। लोग अब पारंपरिक बही खातों से कम्प्यूटर पर आ गए हैं। हम भी समय के साथ कदम मिलाकर चल रहे हैं।’ वरिष्ठ व्यापारी अनिल राठी ने परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा, ‘वर्षों से यह परंपरा रही है कि दीवाली पर व्यापार करने के बाद दूज तक व्यापार नहीं होता है।
दूज पर शुभ मुहूर्त में पूजन करके ही पुन: व्यापार प्रारंभ होता है, आज उसी परंपरा का निर्वाह किया गया है। मंडी में तौलकांटों की पूजा के बाद, परंपरा अनुसार धना की खरीद करके कारोबार पुन: प्रारंभ किया गया है। व्यापार पुन: प्रारंभ होने के इस उत्साहपूर्ण माहौल में व्यापारियों ने जमकर आतिशबाजी की और खुशियां मनाई।
कृषि उपज मंडी में विधायक प्रतिनिधि देवेन्द्र पटेल ने कहा कि हर वर्ष की तरह मुहूर्त पूजन करके मंडी में व्यापार प्रारंभ किया जाता है। आज मंडी के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ही व्यापारी, किसान, हम्माल-तुलावटी साथियों के साथ पूजा अर्चना करके पुन: व्यापार प्रारंभ किया है। हमारी कामना है कि सभी कार्य समन्वय और सुचारू रूप से चलते रहें।
इस अवसर पर व्यापारी सतीश अग्रवाल सांवरिया, प्रदीप तोतला, संतोष ओसवाल, विजय राठी, रमेश चांडक, शैलेष मंटू ओसवाल, आशीष दुबे, विनीत राठी, मनोज चांडक, प्रदीप मालपानी, पंकज अग्रवाल, कम्मू अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, अशोक मालवीय, नारायण चांडक, मनीष अग्रवाल, टीपू अग्रवाल, अशोक शर्मा, मटल्लू अग्रवाल, अजय खन्ना, रितेश शर्मा, आशु अग्रवाल, प्रशांत पांडेय सचिव, राजेश इंगले, ओपी मालवीय, अनमोल सिंह, सीताराम पवार, कल्लू यादव, राकेश यादव, सुनील यादव, स्वदेश गालर सहित हम्माल तुलावटी सहित अन्य व्यापारी और किसान मौजूद रहे।








