इटारसी। तवा बांध के जल संग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा और बांध में बढ़ती पानी की आवक को देखते हुए, आज सोमवार, 27 अक्टूबर 2025 को सुबह 11 बजे से तवा बांध के गेट खोले जाएंगे।
कार्यपालन यंत्री, तवा परियोजना संभाग, इटारसी के अनुसार तवा डैम का वर्तमान जल स्तर 1166.30 फीट दर्ज किया गया है। आज सुबह 11 बजे से तवा बांध के 3 जलद्वारों (गेटों) को 3.00 फीट तक खोला जाना है। इन गेटों से कुल 16070 क्यूसेक अतिरिक्त जल की निकासी की जाएगी। यह अतिरिक्त जल तवा नदी में छोड़ा जा रहा है, जिसका बहाव आगे चलकर नर्मदा नदी में मिलता है।
लोगों के लिए चेतावनी
तवा परियोजना संभाग, इटारसी के कार्यपालन यंत्री ने तवा एवं नर्मदा नदी के किनारे बसे हुए गांव के लोगों को अति आवश्यक सूचना जारी की है। लोगों को सतर्क रहने और नदी किनारे बिल्कुल न जाने की सख्त हिदायत दी गई है, क्योंकि नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है।









