इटारसी। धर्म और आस्था के केंद्र श्री दुर्गा नवग्रह मंदिर में प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार, इस वर्ष भी नगर अन्नकूट का आयोजन सोमवार को किया। कार्यक्रम की शुरुआत गोवर्धन पूजन के साथ हुई। क्षेत्रीय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर गोवर्धन महाराज एवं मां दुर्गा का पूजन कर आशीर्वाद लिया।
पूजन के मुख्य यजमान के तौर पर श्रीमती अनीता सुरेंद्र सैनी एवं श्रीमती किरण सुनील दुबे ने गिरिराज गोवर्धन महाराज और गौमाता का विशेष पूजन-अर्चन किया। पूजन का कार्य मुख्य आचार्य पं. अतुल कृष्ण मिश्रा के सान्निध्य में बड़ी संख्या में विप्र बंधुओं द्वारा संपन्न कराया गया। मंदिर के स्थाई पुजारी सत्येंद्र पांडे एवं पीयूष पांडे ने भी विशेष सहयोग दिया।
15 हजार से अधिक लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद
श्री दुर्गा नवग्रह मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद पगारे और समस्त पदाधिकारियों के अथक परिश्रम से यह आयोजन सफल हुआ। शाम 7 बजे से शुरू हुआ प्रसाद वितरण रात्रि 11:30 बजे तक चला। समिति के अनुमान अनुसार, 15 हजार से अधिक धर्मप्रेमी नागरिकों ने इस महाप्रसाद को ग्रहण किया।
इस अवसर पर सांसद दर्शन सिंह चौधरी, मप्र तैराकी संघ अध्यक्ष पीयूष शर्मा, नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, नपा उपाध्यक्ष निर्मल राजपूत, एसडीएम निलेश शर्मा सहित सभापति राकेश जाधव, गीता पटेल, पार्षद वंदना ओझा, मनीषा अग्रवाल एवं बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, राजनेता एवं व्यापारी वर्ग उपस्थित रहे।









