इटारसी। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में वर्धमान पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने जयस्तंभ चौक पर एक प्रेरणादायी नुक्कड़ नाटक का शानदार प्रदर्शन किया। इस नाटक के माध्यम से बच्चों ने भारतीय एकता और अखंडता का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से मिलजुल कर रहने और सहयोग की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने अपने अभिनय से यह बताया कि जब हम सब एकजुट होकर कार्य करते हैं, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को भी याद किया, जिन्होंने 500 से अधिक रियासतों को भारतीय संघ में सफलतापूर्वक एकीकृत कर देश की एकता की मजबूत नींव रखी।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सरदार पटेल का जीवन और विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके जन्मदिवस को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाना, उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का श्रेष्ठ माध्यम है।









