इटारसी। छत्तीसगढ़ निवासी और जोहर छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल द्वारा सिंधी समाज के इष्ट देव भगवान झूलेलाल और अग्रवाल समाज के आराध्य महाराजा अग्रसेन पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों में तीव्र आक्रोश फैल गया है।
दोनों समाजों ने बघेल के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। विवाद तब शुरू हुआ जब अमित बघेल ने छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़े जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए सार्वजनिक रूप से महाराजा अग्रसेन और भगवान झूलेलाल पर अमर्यादित टिप्पणियां कीं। रायपुर में अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष की शिकायत पर, पुलिस ने 29 अक्टूबर 2025 को अमित बघेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने) के तहत मामला दर्ज किया।
रायपुर के अलावा, धमतरी, बिलासपुर जैसे छत्तीसगढ़ के कई शहरों में सिंधी और अग्रवाल समाज ने विरोध प्रदर्शन किए। धमतरी में तो समाज ने 2 नवंबर को बाजार बंद का आह्वान भी किया।
इटारसी में सिंधी समाज का आक्रोश छत्तीसगढ़ के अलावा, यह आग मध्य प्रदेश तक भी पहुंच गई है। आज 02 नवंबर 2025 को युवा सिंधी समाज, इटारसी ने नगर थाना प्रभारी को एक शिकायत पत्र सौंपा। समाज का आरोप है कि बघेल ने भगवान झूलेलाल के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करके सिंधी समाज की धार्मिक भावनाओं को गंभीर ठेस पहुंचाई है। इटारसी के सिंधी सामाजिक सदस्यों ने थाना प्रभारी से अमित बघेल के खिलाफ शीघ्र अति शीघ्र प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।









