इटारसी। भारतीय हॉकी के गौरवशाली इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है, जिसके उपलक्ष्य में हॉकी इंडिया देश में राष्ट्रीय निकाय के गठन के 100 वर्ष पूरे होने पर एक भव्य और राष्ट्रव्यापी शताब्दी समारोह का आयोजन कर रही है। यह संस्था 7 नवंबर, 1925 को गठित हुई थी, जिसने भारतीय हॉकी के स्वर्णिम युग की नींव रखी।
यह उत्सव केवल दिल्ली तक ही सीमित नहीं है, बल्कि देश भर के 500 से अधिक जिलों में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में, मध्य प्रदेश के इटारसी में भी हॉकी नर्मदापुरम के तत्वावधान में शताब्दी समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
इटारसी में आयोजित होगा विशेष हॉकी मैच
हॉकी नर्मदापुरम (मान्यता प्राप्त) द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, भारतीय हॉकी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए 07 नवंबर 2025, दिन शुक्रवार को एक विशेष मैच का आयोजन किया गया है। यह मैच गांधी मैदान, इटारसी में सुबह 11.00 बजे से होगा। हॉकी नर्मदापुरम, इटारसी के सचिव साजिद मलिक ने इस आयोजन में सभी खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों को आमंत्रित किया है।
राष्ट्रीय स्तर पर भव्य आयोजन
- राष्ट्रीय स्तर पर, इस अवसर को चिह्नित करने के लिए 7 नवंबर को देश के हर जिले में एक पुरुष और एक महिला मैच सहित कुल एक हजार से अधिक हॉकी मैच एक साथ खेले जाएंगे।
- इस आयोजन में युवा खिलाडिय़ों से लेकर वरिष्ठ और सामुदायिक टीमों के लगभग 36 हजार खिलाड़ी (महिला और पुरुष समान संख्या में) भाग लेंगे, जो खेल में समावेशिता को दर्शाएगा।
- हॉकी इंडिया इस वृहद आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉड्र्स में दर्ज कराने की भी तैयारी कर रही है।
- यह शताब्दी समारोह भारतीय हॉकी के समृद्ध विरासत का उत्सव है, और इटारसी का यह आयोजन इस राष्ट्रव्यापी उत्सव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।









