पिपरिया। केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान के बाइक में टंगे बैग से ढाई लाख रुपए चुराने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 26 सितंबर 2025 को फरियादी सीआईएसएफ के जवान शंकर पिता स्व. प्रेमचंद्र पटैल उम्र 48 साल निवासी ग्राम गूजरखापा, तहसील सोहागपुर ने थाना पिपरिया में रिपोर्ट की थी वह छुट्टी लेकर ट्रैक्टर की किश्त जमा करने स्टेट बैंक शाखा सोहागपुर से रुपये निकालकर महिन्द्रा शोरुम पिपरिया आया था, जहां किसी अज्ञात व्यक्ति ने फरियादी की मोटर सायकल के बैग में रखे 2,50,000 रुपये चोरी कर लिये।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना पिपरिया में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा (भापुसे) ने थाना प्रभारी पिपरिया को त्वरित कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। थाना प्रभारी पिपरिया ने मय हमराह बल के टीम गठित कर अज्ञात आरोपी की पतारसी करने घटना स्थल पहुंचकर जानकारी एकत्र करते हुए अनुसंधान टीम द्वारा लगभग 150 सीसीटीव्ही कैमरे चेक किये एवं तकनीकि संसाधनों की सहायता से पुलिस टीम द्वारा आरोपी की पहचान अमित सासी पिता रमेशचन्द्र सासी 20 वर्ष नि. लक्ष्मीपुरा थाना छबड़ा जिला बांरा हाल कढिया सासी जिला राजगढ़ के रूप में कर पुलिस टीम द्वारा आरोपी को अभिरक्षा में लेकर 2,50,000 रु. मशरुका जब्त किया गया। आरोपी वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में है।
उक्त कार्यवाही में एसडीओपी पिपरिया मोहित यादव, थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, सहायक उपनिरीक्षक सुशील कुशवाहा, प्रधान आरक्षक योगेश यादव, आरक्षक शिवम वर्मा, प्रतीक साहू, हेमंत पटेल एवं सायबर सेल से संदीप यदुवंशी, दीपेश सोलंकी की सक्रिय भूमिका रही।









