---Advertisement---

ताला लगे मैदान पर मछली के जाल से गोलपोस्ट बनाकर मनाया भारतीय हॉकी का शताब्दी समारोह

By
Last updated:
Follow Us
  • हॉकी नर्मदापुरम ने जनसहयोग से हॉकी का शताब्दी समारोह आयोजित करके रचा इतिहास
  • दो हॉकी संघों की खींचतान के बावजूद सुरेश अग्रवाल और आदर्श हरदुआ की टीमें बनीं चैम्पियन

इटारसी। भारतीय हॉकी के 100 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के राष्ट्रीय आह्वान पर, शुक्रवार को इटारसी के गांधी स्टेडियम में हॉकी नर्मदापुरम ने एक विशेष हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन कर इतिहास रच दिया। यह आयोजन न केवल राष्ट्रीय उत्सव का हिस्सा बना, बल्कि स्थानीय हॉकी प्रेमियों के अदम्य साहस और जुझारू जज़्बे की कहानी भी बन गया, जिन्होंने कथित संगठनात्मक खींचतान और रुकावटों के बावजूद इसे सफल बनाया।

विरोध के बावजूद खिलाडि़य़ों का जज़्बा

बता दें कि शहर में दो हॉकी संघों के बीच चल रही खींचतान के बीच यह आयोजन हुआ है। हॉकी नर्मदापुरम का दावा है कि इस शताब्दी दिवस के आयोजन को रोकने की पूरी कोशिश की गई। आयोजकों ने बताया कि हॉकी नर्मदापुरम ने स्वयं ही मैदान तैयार करवाया, लेकिन रात में कुछ तत्वों ने स्टेडियम के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। सुबह जब आयोजक और खिलाड़ी मैदान पर पहुंचे तो ताला बंद था। आयोजकों ने नपा और खेल विभाग के जिम्मेदारों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।

खिलाडिय़ों ने खुद संभाला मोर्चा

इस मुश्किल घड़ी में, आठ साल से लेकर सत्तर साल तक के खिलाडिय़ों ने जबरदस्त एकता दिखाई। खिलाड़ी किसी तरह स्टेडियम में पहुंचे, और बच्चों ने खुद जैसे-तैसे आयोजन का सामान भीतर पहुंचाया। सबसे बड़ी बाधा गोलपोस्ट को लेकर आई, क्योंकि नगर पालिका द्वारा ऑफिस सील किए जाने के कारण उनका सारा सामान—सहित गोलपोस्ट—ऑफिस में बंद था।

चुनौती को बनाया हथियार

आयोजकों को मजबूरन मछली पकडऩे की जाली से गोलपोस्ट बनाना पड़ा। हालांकि, खिलाडिय़ों ने बताया कि इस कमी से उनके उत्साह और जज्बे में कोई कमी नहीं आई। पूरे आयोजन के दौरान मुख्य दरवाजे पर ताला लगा ही रहा, लेकिन खेल जारी रहा।

मैचों का रोमांच और परिणाम

इस विशेष प्रतियोगिता में लडक़े-लड़कियों की मिली-जुली टीमों के बीच कुल छह मैच खेले गए, जिनमें आठ टीमों ने हिस्सा लिया। टीमें शहर के पुराने वरिष्ठ खिलाडिय़ों और हॉकी प्रेमियों के नाम पर रखी गई थीं। कोच कन्हैया गुरयानी ने घोषणा की कि इन टीमों के लीग मैच अब साल भर चलते रहेंगे, जो इटारसी हॉकी के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेंगे।

परिणाम

  • पुरुष : सुरेश अग्रवाल इलेवन/ग्लेडविन अल्फ्रेड इलेवन।
  • 2-0 से सुरेश अग्रवाल इलेवन विजयी
  • महिला : आदर्श हरदुआ की टीम / माइकल जॉनेथन की टीम।
  • 2-1 से आदर्श हरदुआ की टीम विजयी

अतिथियों ने बढ़ाया हौसला

विजेताओं को उपस्थित अतिथियों ने ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रवि जायसवाल, सामाजिक कार्यकर्ता भगवती चौरे, भाजपा नेता दीपक अग्रवाल, पूर्व नपा उपाध्यक्ष अजय शुक्ला, पार्षद धर्मदास मिहानी सहित सरदार जोगिंदर सिंह, अशोक जैन, कुलभूषण मिश्र, पंकज राठौर, गजानन तिवारी, राजकुमार उपाध्याय केलू, उमेश द्विवेदी, लखन बेस, कमल शुक्ला, अजय मिश्रा टप्पू, ज्ञानेंद्र उपाध्याय मौजूद रहे। हॉकी नर्मदापुरम के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तोमर, सचिव साजिद मलिक, प्रवक्ता सुधांशु मिश्रा, और कोच कन्हैया गुरयानी सहित अनेक हॉकी प्रेमी इस जज्बे भरे आयोजन के गवाह बने।

राष्ट्रीय उत्सव का गौरवशाली हिस्सा

यह आयोजन हॉकी इंडिया के उस राष्ट्रव्यापी आह्वान का हिस्सा था, जिसके तहत 7 नवंबर को देश भर के 500 से अधिक जिलों में एक हजार से अधिक मैच खेले गए। यह उत्सव भारतीय हॉकी के राष्ट्रीय निकाय के गठन के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है, जिसे गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने की भी तैयारी है। इटारसी के खिलाडिय़ों ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से इस राष्ट्रीय उत्सव में एक अनूठा और प्रेरणादायक अध्याय जोड़ा है।

Rohit Nage

Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel
error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.