इटारसी। पुलिस विभाग के मुस्कान अभियान के तहत जीनियस प्लानेट स्कूल में जागरुकता सेमिनार का आयोजन कर विद्यार्थियों के साथ संवाद किया जिसमें वीरेंद्र मिश्रा एसडीओपी इटारसी तथा गौरव सिंह बुंदेला टीआई इटारसी ने साइबर सुरक्षा, गुड टच, अनुशासन के बारे में विद्यार्थियों को बताया। दोनों ही अतिथियों का स्वागत स्कूल संचालक जाफर सिद्दीकी ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए आर्ट एंड क्राफ्ट के फूलों से किया।

इस अवसर पर श्री मिश्रा ने कहा कि फेसबुक, इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी के द्वारा स्कैम किए जा रहे हैं, छात्राएं इस बात का विशेष ध्यान दें और किसी की भी आईडी से न जुड़े, न ही उनकी किसी मांग को पूरा करें। गुड टच तथा बेड टच को जानें, जरा भी गलत महसूस हो तो अपने घर, स्कूल प्राचार्य को इस बारे में जरूर बतायें। किसी भी अनजाने कॉल से यदि किसी प्रकार का कोई ओटीपी मांगा जाए तो बिल्कुल न दें। टी आई बुंदेला जी ने कहा कि विद्यार्थी अनुशासन में रहें, सायबर स्कैम से बचें, किसी भी गेम्स में मांगे गए रुपये कभी न दें। सेमिनार का संचालन कृष्णा साहू ने किया।








