इटारसी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पॉवर ग्रिड के सामने, नीलकमल ढाबे के पास शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुखतवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक गर्भवती महिला को इटारसी अस्पताल रेफर किया जा रहा था, तभी महिला को ले जा रही एंबुलेंस एक खड़े डंपर में जा घुसी।
हादसे में सरिता यादव नामक गर्भवती महिला को चोटें आई हैं। महिला अपने मायके मल्लूपुरा में रहती है। एंबुलेंस का ड्राइवर बुरी तरह से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल ड्राइवर को एंबुलेंस से बाहर निकाला। पुलिस कार्रवाई हादसे की सूचना मिलते ही पथरौटा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल एंबुलेंस चालक को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल से मिलने पथरोटा थानाप्रभारी संजीव पवार भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि संभवत: एम्बुलेंस चालक क्रॉस करने के प्रयास में ट्रक को देख नहीं सका है, हालांकि घटना स्थल के पास सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं, तो स्थिति और क्लीयर हो जाएगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला की स्थिति ठीक है, लेकिन सिर में चोट होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।






