इटारसी। जमानी रोड को वर्मा कॉलोनी, गोकुलधाम कॉलोनी, वृन्दावन विहार कॉलोनी और कैलाश विहार कॉलोनी से जोडऩे वाला मुख्य मार्ग इन दिनों एक गंभीर और अप्रत्याशित समस्या के कारण पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। निवासरत कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया है कि एक एक महिला द्वारा अत्यधिक संख्या में आवारा पशुओं (गाय, बैल, सांड व कुत्ते) को भोजन दिए जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
‘रोड हुई नष्ट, घर के सामने 24 घंटे कब्जा’
कॉलोनी वासियों के अनुसार, एक स्थानीय निवासी महिला अपने घर के सामने ही बड़ी संख्या में आवारा जानवरों को भोजन, बिस्किट और अंडे खिलाती हैं। हालांकि, वह स्वयं तो गेट बंद कर लेती हैं, लेकिन ये सभी जानवर उनके घर के सामने मुख्य मार्ग पर 24 घंटे खड़े रहते हैं। प्रभावित लोगों का कहना है कि इन पशुओं के लगातार जमावड़े के कारण न केवल मार्ग पूरी तरह से नष्ट हो गया है, बल्कि राहगीरों को भी अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन चालक दुर्घटना का शिकार होते-होते बचे हैं, और कुछ गंभीर दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
जनप्रतिनिधियों से गुहार, पर समाधान शून्य
स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित महिला को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह सुनने को तैयार नहीं हैं। इसके बजाय, विरोध करने पर वह 112 डायल कर पुलिस को बुला लेती हैं, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो जाती है। समस्या के निदान हेतु कॉलोनी वासियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी और वार्ड 2 के पार्षद व उपाध्यक्ष से भी कई बार चर्चा की, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई समाधान नहीं निकल पाया है। कॉलोनी वासियों ने सामूहिक रूप से विनम्र निवेदन किया है कि जिम्मेदार अधिकारियों को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किए बिना, इस गंभीर मामले का संज्ञान लेना चाहिए।
कॉलोनी वासियों की मांग
समस्या से त्रस्त सभी प्रभावित कॉलोनी वासियों ने सामूहिक अपील करते हुए कहा है, ‘हम सभी प्रभावित कॉलोनी वासियों का विनम्र निवेदन है कि इस संबंध में विधि पूर्वक नगरपालिका द्वारा उचित कार्रवाई की जावे।’ उनकी मांग है कि मुख्य मार्ग को सुरक्षित बनाने और आम जनता की परेशानी को दूर करने के लिए प्रशासन तुरंत हस्तक्षेप करे।








