इटारसी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉक्टर सीतासरन शर्मा ने कहा है कि शहर में बाहरी व्यक्तियों द्वारा भारी किराया प्रतिमाह देकर अपना व्यापार किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन को ऐसे व्यापारियों की जांच कर उन्हें शहर से बाहर निकलना चाहिये ताकि शहर में शांति व्यवस्था कायम रहे। उन्होंने कहा कि ये शहर की सुरक्षा के लिए खतरा हैं।
नगर में अचानक से हाथ ठेले वालों और अन्य छोटे व्यापारियों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए, इटारसी के विधायक ने एक बड़ा कदम उठाया है। विधायक ने इसे शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए चिंता का विषय बताते हुए, इन बाहरी लोगों का वेरिफिकेशन कराकर उन्हें शहर से बाहर डिपोर्ट (निष्कासित) करने की मांग की है। एडीजी इंटेलिजेंस को लिखा पत्र इस संबंध में विधायक ने सीधे अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक इंटेलिजेंस को एक पत्र लिखा है।
विधायक का कहना है कि शहर में एकाएक बड़ी संख्या में ऐसे हाथ ठेले वाले आ गए हैं, जिनका पूर्व में कोई रिकॉर्ड नहीं है। विधायक ने पत्र में जोर देते हुए कहा कि अचानक कई सारे हाथ ठेले वाले शहर में आ गए हैं। इनका तत्काल वेरिफिकेशन कराया जाए और जो लोग बाहरी हैं, उन्हें शहर से बाहर डिपोर्ट किया जाए। सुरक्षा और व्यवस्था पर सवाल विधायक ने आशंका व्यक्त की है कि इन अनाधिकृत बाहरी लोगों की मौजूदगी से शहर की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और यह स्थानीय स्तर पर अराजकता पैदा कर सकता है।
उन्होंने जोर दिया है कि इन व्यक्तियों की पहचान, मूल स्थान और गतिविधि का सत्यापन अत्यंत आवश्यक है। विधायक के इस पत्र ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग पर इन बाहरी व्यापारियों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही करने का दबाव बढ़ा दिया है। इस मांग के बाद अब प्रशासन की ओर से इन ठेले वालों के सत्यापन की कार्रवाई शुरू होने की उम्मीद है।








