इटारसी। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम और सांस्कृतिक विरासत में उनके योगदान को स्मरण करने तथा जनजातीय क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से 15 नवम्बर 2025 तक ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है।
कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग विवेक नागवंशी के मार्गदर्शन में जिले के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विविध सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखण्ड केसला के विशिष्ट आवासीय विद्यालय, उच्चतर माध्यमिक शालाओं एवं छात्रावासों में छात्र-छात्राओं द्वारा निबंध एवं भाषा प्रतियोगिता, चित्रकला, नाटक मंचन, रंगोली, मेंहदी प्रतियोगिता, खेल प्रतियोगिता, पाक कला प्रदर्शन एवं लोकगीत-लोकनृत्य जैसे कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किए गए।
ग्राम कोहदा में देवठानों का पूजन कार्यक्रम भी संपन्न किया गया, जिसमें जनजातीय समुदाय के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रमों का उद्देश्य जनजातीय संस्कृति के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और बिरसा मुंडा के आदर्शों को समाज में आत्मसात करना है।








