- केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जारी किए नियुक्ति पत्र
इटारसी। केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सांसद विवेक कृष्ण तनखा के सुझाव पर बीएसएनएल की टेलीफोन एडवाइजरी कमेटी में इटारसी के रमेश के साहू एडवोकेट सहित मध्य प्रदेश के सात अन्य लोगों को सदस्य के रूप में नामित किया है। केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने इस आशय का नियुक्ति पत्र सांसद श्री तनखा को प्रेषित करते हुए मनोनयन की जानकारी दी।
मनोनयन किए गए सदस्य टीएसीमें जिन सदस्यों को मनोनीत किया गया है, उनमें रमेश के. साहू एडवोकेट इटारसी, ओमसेन इटारसी, आरिफ बेग जबलपुर, गजेंद्र यादव नीमच, चंद्रशेखर वासने सतना, मोहित साहू नरसिंहपुर, मयंक साहू नरसिंहपुर, मनीष तिवारी मैहर शामिल हैं।
पूर्व में भी मिल चुका है मौका
उल्लेखनीय है कि श्री रमेश के. साहू पूर्व में भी टेलीफोन एडवाइजरी कमेटी के सदस्य के रूप में नामित हो चुके हैं। इसके अलावा, वह रेलवे की उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्य के रूप में भी केंद्र सरकार द्वारा नामित किए जा चुके हैं। श्री साहू सहित सभी नवनियुक्त सदस्यों के मनोनयन पर शुभचिंतकों एवं कांग्रेसजनों ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और सांसद विवेक कृष्ण तनखा का आभार व्यक्त किया है, और सभी मनोनीत सदस्यों को बधाइयां प्रेषित की हैं।








