शिवपुर। नर्मदापुरम जिले में अवैध मादक पदार्थों के संग्रहण और विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, शिवपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुरुवार की सुबह कार्रवाई करते हुए 8 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1,60,000 रुपये है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा (भापुसे) के सख्त निर्देशों के पालन में, आज 13 नवंबर 2025 को सुबह 5 बजे शिवपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, दो व्यक्ति पगढाल-टिमरनी रोड पर किसी व्यक्ति को गांजा देने के लिए आ रहे थे। थाना प्रभारी शिवपुर उपनिरीक्षक विवेक यादव ने तत्काल हमराह बल के साथ बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान, दोनों आरोपी मनोज पिता शंकर लाल मेहरा (निवासी ग्राम भांजा, थाना सिवनी मालवा) और उपदेश उर्फ सूर्या पिता चंद्रभान परते (निवासी ग्राम डोभी तालपुरा, थाना पथरोटा) को पकड़ा गया।
जब्ती और मामला दर्ज तलाशी लेने पर, उनके कब्जे से कुल 8 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया गया। जब्त गांजे की कीमत बाजार में लगभग 1,60,000 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना शिवपुर में अपराध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है।
पुरस्कार की घोषणा
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम ने इस सफल और प्रभावी कार्रवाई के लिए संपूर्ण टीम को बधाई दी है और 10,000 रुपये के इनाम की उद्घोषणा की है। यह संपूर्ण कार्रवाई साई कृष्णा (भापुसे) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन और एसडीओपी सिवनी मालवा महेन्द्र सिंह चौहान के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। कार्यवाही करने वाली टीम में एसडीओपी सिवनी मालवा महेन्द्र सिंह चौहान, थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विवेक यादव प्रधान आरक्षक विशाल भदोरिया, आरक्षक हरिशंकर, ओम जाट और शिवम जोशी टीम में शामिल रहे।









