इटारसी। रेलवे स्टेशन के पुराने ब्रिज को बंद किए जाने के बाद जीआरपी थाने के सामने बने नए ब्रिज के पास हर दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। ऑटो चालक और चार पहिया वाहन चालकों द्वारा ब्रिज के सामने अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
भारी सामान लेकर स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को वाहनों की लंबी कतारों के बीच रास्ता निकालना मुश्किल हो रहा है। इससे न केवल लोगों की आवाजाही बाधित होती है, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ रही है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि शाम के समय तो हालत और गंभीर हो जाती है, जब ट्रैफिक पूर्ण रूप से जाम हो जाता है।
लोगों का कहना है कि मौके पर यातायात पुलिस की अनुपस्थिति से स्थिति और बिगड़ जाती है। नागरिकों ने प्रशासन और रेलवे अधिकारियों से मांग की है कि नए ब्रिज के सामने ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।








