इटारसी। जीआरपी इटारसी द्वारा स्टेशन परिसर स्थित मुसाफिरखाना में बच्चों के साथ बाल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। यह आयोजन जीआरपी टीम ने बाल सुरक्षा और जागरूकता के महत्व को रेखांकित करते हुए किया। इस विशेष पहल में जीआरपी इटारसी की महिला डेक्स प्रभारी एएसआई अनिता दास, प्रधान आरक्षक मोहनलाल, आरक्षक दीपक और आरक्षक अमित कुमार शामिल रहे।
इटारसी रेलवे स्टेशन परिसर, मुसाफिरखाना में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में जागरूकता बढ़ाना और उन्हें बाल दिवस की खुशियां प्रदान करना था। टीम ने मुसाफिरखाने में मौजूद बच्चों से बातचीत की, उन्हें बाल दिवस के महत्व के बारे में बताया और उन्हें भविष्य में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।
जीआरपी टीम की यह पहल न केवल बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाई, बल्कि यह भी दर्शाती है कि पुलिस बल अपनी ड्यूटी के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी कितना सजग है। इस तरह के कार्यक्रम रेलवे परिसर में बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।








