इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल ने अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और उनकी यात्रा मांग को पूरा करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे द्वारा भोपाल मंडल के इटारसी होकर एरणाकुलम से बरौनी के लिए वन-वे स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा।
यह विशेष ट्रेन 15 नवम्बर 2025 (शनिवार) को केवल एक ट्रिप के रूप में चलाई जाएगी। एरणाकुलम-बरौनी जंक्शन वन-वे स्पेशल गाड़ी संख्या 06195 शनिवार, 15 नवंबर 2025 को शाम 4 बजे एरणाकुलम स्टेशन से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन दूसरे दिन सोमवार सुबह 05:40 बजे इटारसी पहुंचेगी और मंगलवार को सुबह 7 बजे बरौनी जंक्शन स्टेशन पहुंचेगी।
यह स्पेशल ट्रेन मार्ग में आलुवा, थ्रिसुर, पलक्कड़, रेनिगुंटा, विजयवाड़ा, नागपुर, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी, दानापुर और पटना सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में 2 इकॉनमी थर्ड एसी, 8 स्लीपर और 8 सामान्य श्रेणी के कोच होंगे।








