इटारसी। पुलिस ने 15 नवंबर की रात को शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से एक विशेष रात्रि गश्त अभियान चलाया, जो रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक जारी रहा। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा के मार्गदर्शन में, एसडीओपी इटारसी, टीआई गौरव सिंह बुंदेला और एनके रजक की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी।
कार्यवाही का विवरण
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 28 वारंटियों को गिरफ्तार किया। टीम ने गिरफ्तारी वारंट और स्थायी वारंट के अपराधियों पर कार्रवाई की। इस दौरान गिरफ्तारी वारंट के कुल 12 वारंटी, स्थायी वारंट के कुल 16 वारंटी 14+02 को गिरफ्तार किया। पुलिस टीमों ने बाजार, न्यास कॉलोनी, ईरानी डेरा क्षेत्र, खेड़ा, आवाम नगर, पीपल मोहल्ला, पुरानी इटारसी क्षेत्र, सूरजगंज, मालवीयगंज और यार्ड क्षेत्र जैसे इलाकों में कार्रवाई की। गश्त के दौरान, पुलिस ने शहर में सक्रिय 45 गुंडों और 25 निगरानीशुदा अपराधियों की सघन चेकिंग भी की।
यह अभियान आगामी त्योहारों और भीड़भाड़ वाले दिनों के मद्देनजर आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने और शहर में सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लक्ष्य के साथ चलाया गया। पुलिस ने बताया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
- क्षेत्रवार पुलिस दल की तैनाती बाजार, न्यास कालोनी और ईरानी डेरा क्षेत्र : इस क्षेत्र की जिम्मेदारी उप-निरीक्षक प्रवीण यादव और श्रद्धा राजपूत को सौंपी गई थी। उनकी टीम में सहायक उप-निरीक्षक सुरेन्द्र मालवीय और आरक्षक भरत और अनिल पाल शामिल थे।
- खेडा, आवाम नगर, पीपल मोहल्ला, काबड मोहल्ला और जमानी रोड : यहां की टीम का नेतृत्व उनि गुलाबसिंह कर रहे थे। उनके साथ सउनि इश्तियाक अली और सउनि रीना खरे मौजूद थे। इसके अलावा, प्रधान आरक्षक रामनारायण और आरक्षक मनीष, राजकुमार, और शाकिर भी इस क्षेत्र में तैनात थे।
- पुरानी इटारसी क्षेत्र, सूरजगंज, मालवीयगंज, नाला मोहल्ला, भाट मोहल्ला, मेहरागांव और यार्ड क्षेत्र : इस क्षेत्र की कमान उनि राहुल पटेल के पास थी। टीम में सउनि रामराव उइके शामिल थे। प्रमुख रूप से तैनात अन्य सदस्य थे प्रधान आरक्षक उपेन्द्र दुबे और संदीप अजनेरिया, साथ ही आरक्षक अंकित और बसंत।








