सिवनी मालवा। जनसेवा शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संस्था द्वारा आज भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में बानापुरा स्थित जीवा ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भोपाल से आए कलाकारों द्वारा बिरसा मुंडा के जीवन पर प्रस्तुत प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक रहा।
दूसरों के जीवन में खुशहाली लाना ही सबसे बड़ा धर्म
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके आदर्शों और समाज के प्रति उनके अविस्मरणीय योगदान को जीवंत रूप में दर्शाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका सिवनी मालवा के सीएमओ अमर सिंह उईके और युवा पत्रकार राजा तिवारी उपस्थित रहे। वक्तव्य सत्र में पत्रकार राजा तिवारी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की लड़ाई लड़ते हुए मात्र 25 वर्ष की आयु में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उन्होंने समाज को संदेश दिया कि हमें हमारे जीवन को सुखी रखने से ज्यादा महत्वपूर्ण है दूसरों के जीवन में खुशहाली लाना।
जन अभियान परिषद ब्लॉक समन्वयक हरिदास दायमा और ईश्वर बिश्नोई ने बताया कि बिरसा मुंडा ने आदिवासियों के जीवन को सुखी बनाने के लिए जो लड़ाई लड़ी, वह अविश्वसनीय है। उनका जीवन स्वतंत्रता सेनानी के रूप में सदैव पूजनीय है। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति मंच पर कलाकार विशाल चतुर्वेदी, भारत सिंह बमनेले, महेंद्र शुक्रवारे और सचिन स्वयं मकोरिया ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से उपस्थित जनों को गहराई तक प्रभावित किया। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष गुलशन कावड़े, राहुल बाथव और आदर्श सोनी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं विद्यालय परिवार कार्यक्रम में सम्मिलित रहे।









