इटारसी। इनरव्हील क्लब ऑफ इटारसी द्वारा कल 17 नवंबर इटारसी में थैलेसीमिया की नि:शुल्क जांच के लिए एक विशाल शिविर का आयोजन किया गया है। यह कैंप पुरानी इटारसी स्थित संदीपनी उच्चतर माध्यमिक शाला में आयोजित किया गया है।
हजारों रुपये की जांच निशुल्क
इनरव्हील क्लब ऑफ इटारसी की अध्यक्ष श्रीमती सविता आर साहू ने बताया कि थैलेसीमिया की यह विशेष जांच बाजार में लगभग 1000 रुपए से 1200 रुपए तक की होती है, जिसे क्लब द्वारा जनहित में पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने पालकों से निवेदन किया है कि वे इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांच का लाभ अधिक से अधिक संख्या में उठाएं। संदीपनी उच्चतर माध्यमिक शाला के प्राचार्य नारायण चौधरी ने बताया कि उन्होंने पालकों को बच्चों की नि:शुल्क थैलेसीमिया जांच हेतु सहमति पत्र भी उपलब्ध कराए हैं।
विशेषज्ञ देंगे सेवाएं
क्लब अध्यक्ष श्रीमती साहू ने बताया कि यह आयोजन मंडल 304 की अध्यक्ष श्रीमती विभा सिंह के निर्देशन में किया जा रहा है। डॉ. माधुरी चौरसिया इस शिविर में कोऑर्डिनेटर के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। शिविर में डॉ. खुशबू अग्रवाल और थैलेसीमिया जन जागरण समिति मध्य प्रदेश के संरक्षक एवं अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह राठौड़ नीमच से आकर विशेष रूप से अपना उद्बोधन देंगे और लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक करेंगे।









