इटारसी। चौरसिया महासभा दिल्ली महिला प्रकोष्ठ की ओर से स्थानीय ईश्वर सभागृह में ‘अनमोल मणि सम्मान समारोह’ में महिला प्रकोष्ठ की कर्मठ महिलाओं का सम्मान किया, जो दो चरणों में संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ प्रोटोकॉल के तहत दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसके बाद मध्य प्रदेश की अध्यक्ष श्रीमती ममता मुकेश चौरसिया ने प्रार्थना प्रस्तुत की।
मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और नर्मदांचल के विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा रहे। महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. इंदु प्रदीप चौरसिया ने राष्ट्रीय, प्रादेशिक व स्थानीय पदाधिकारियों को सम्मानित किया। दूसरे चरण के सांस्कृतिक कार्यक्रम में विधायक डॉ. शर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती कल्पना सीतासरन शर्मा ने आतिथ्य किया। विधायक डॉ. शर्मा ने इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए शुभकामनाएं दीं। सम्मान स्वरूप, आदर्श चौरसिया महिला मंच इटारसी ने विधायक को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।
राष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं की भागीदारी
इस आयोजन में उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, राजस्थान, और मध्य प्रदेश से लगभग साठ महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर मिसाल कायम की और सम्मान प्राप्त किया। नागपुर आदर्श चौरसिया महिला मंच ने इटारसी की आदर्श चौरसिया महिला मंच की महिलाओं का मोती माला पहनाकर विशेष सम्मान भी किया। दूसरे चरण में मुख्य रूप से सांस्कृतिक आयोजन में कराओके प्रतियोगिता और रेट्रो थीम प्रतियोगिता में महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने भी प्रस्तुतियां दीं। मंच संचालन गीता चौरसिया और विनीता मोहन चौरसिया ने किया, जबकि मनोरंजक थीम प्रतिक्षा रोहित चौरसिया ने रखी।
कार्यक्रम में शान्ति निकेतन स्कूल की वाइस प्रिंसिपल श्रीमती हेमा संदेश पुरोहित, मां नर्मदा स्कूल की संचालक अनिता दीपक अग्रवाल, माहेश्वरी समाज की महिला अध्यक्ष रेखा राठी, मालवीय समाज की अध्यक्षा अर्चना मालवीय और अग्रवाल समाज की महिला अध्यक्ष शोभा अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य महिलाएं और सामाजिक संस्थाओं की प्रतिनिधि मौजूद रहीं।








