इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय इटारसी में विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पेपर आर्ट (कागज की कलाकृतियां) पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में बैंगलोर से आए जाने-माने पेपर आर्टिस्ट डीके राय ने विद्यार्थियों और महाविद्यालय के फैकल्टी सदस्यों के सामने पेपर से विभिन्न कलाकृतियां बनाने की कला का प्रदर्शन किया।
प्राचार्य ने बताया स्वावलंबन का हुनर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर इस कला का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह हुनर विद्यार्थियों को रोजगार के क्षेत्र में स्वावलंबन प्रदान कर सकता है।
महाविद्यालय के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. पवन कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में पढ़ाई के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण की भी उतनी ही आवश्यकता है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में महाविद्यालय के शैक्षणिक स्टाफ के अलावा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस कला को सीखने में गहरी रुचि दिखाई।








