नर्मदापुरम। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आज (19 नवंबर 2025) नर्मदापुरम शहर के इंदिरा चौक पर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी जयंती मनाई गई। इस अवसर पर सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पांडेय ने बताया ‘अवतारी’ नेता
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवाकांत ‘गुड्डन’ पांडेय ने उपस्थित कांग्रेसियों को संबोधित किया। उन्होंने स्वर्गीय इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व और देश के प्रति उनके योगदान को कवितात्मक रूप में व्यक्त करते हुए कहा कि, “स्वर्गीय इंदिरा गांधी ज्ञान शक्ति में रही ब्राह्मणी, साहस में क्षत्राणी थी। सिंह वाहिनी दुर्गा थी वह, मनुज नहीं अवतारी थी। भारत के हर जनता की, अरमान इंदिरा गांधी थी। प्रिय राष्ट्र बांसुरी की सुंदर, मृदुतान इंदिरा गांधी थी। गई इंदिरा अमर लोक पर, नाम अमर हो जाएगा।”
‘देश के लिए दे दी जान’
श्री पांडेय ने आगे कहा कि देश में इंदिरा गांधी जैसा प्रधानमंत्री अभी तक नहीं हुआ। उन्होंने देश की एकता और प्रगति के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान (जान दे दी)। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का नाम हमेशा अमर रहेगा।इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने उनकी राष्ट्र सेवाओं को याद किया।








