भोपाल।वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ ने भोपाल मंडल के पॉइंट्समैन और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की विभागीय परीक्षा में हुई त्रुटियों और अनियमितताओं को लेकर रेल प्रशासन को कड़ी नसीहत दी है। संघ ने आरोप लगाया है कि 9 नवंबर को संपन्न हुई विभागीय परीक्षा के प्रकाशित उत्तरों में गलत प्रश्न और गलत उत्तर शामिल किए गए, जिससे कर्मचारियों को नुकसान हुआ।
संघ के महामंत्री अशोक शर्मा के निर्देशन में, मंडल अध्यक्ष आर.के. शर्मा और मंडल सचिव कमलेश परिहार के नेतृत्व में यह मुद्दा मजबूती से उठाया गया। संघ का कहना है कि यदि परीक्षा में हुई त्रुटियों का उचित सुधार किया गया तो भोपाल मंडल के सभी पॉइंट्समैन और वाणिज्य विभाग के वे कर्मचारी, जिन्होंने 60% विभागीय कोटे के अंतर्गत गार्ड परीक्षा दी थी, उन्हें लाभ प्राप्त होगा।
मुख्य शाखा के अध्यक्ष प्रीतम तिवारी ने मीडिया को बताया कि मजदूर संघ कर्मचारियों के पक्ष में लगातार आवाज उठाता रहा है और आगे भी उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा कि रेलवे मजदूर संघ का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को न्याय दिलाना और प्रशासन की त्रुटियों को सुधारने के लिए दबाव बनाना है।
वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ ने रेल प्रशासन से मांग की है कि गलत उत्तरों और प्रश्नों का तुरंत परीक्षण कर सही संशोधित परिणाम जारी किए जाएँ, ताकि योग्य कर्मचारियों के साथ अन्याय न हो।








