इटारसी। तहसील विधिक सेवा समिति, इटारसी के तत्वावधान में तथा अध्यक्ष, आदित्य रावत के निर्देशानुसार, आज 21 नवंबर 2025 को सिविल न्यायालय परिसर इटारसी में ‘साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा’ विषय पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ऑनलाइन अपराधों के प्रति आमजन, पक्षकारों और अधिवक्ताओं को जागरूक करना तथा उन्हें डिजिटल माध्यमों पर स्वयं को सुरक्षित रखने के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। मुख्य वक्ताओं ने दी अहम जानकारी कार्यक्रम में अधिवक्ता सम्यंत जैन एवं एसआई राहुल पटेल ने उपस्थित जनसमूह को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों ऑनलाइन ठगी और बैंकिंग धोखाधड़ी, यूपीआई ट्रांजैक्शन के माध्यम से धन की ठगी, सोशल मीडिया हैकिंग और फर्जी लिंक फ्रॉड, ओटीपी फ्रॉड और साइबर ब्लैकमेलिंग आदि विषयों पर विस्तारपूर्वक और अति उपयोगी जानकारी साझा की।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि साइबर अपराध अब केवल एक तकनीकी अपराध नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक अपराध भी बन चुका है। इससे बचाव के लिए व्यक्तिगत सतर्कता, मजबूत पासवर्ड सुरक्षा, बैंक विवरण को गोपनीय रखना, संदिग्ध लिंक एवं कॉल से बचना तथा दो-स्तरीय सत्यापन जैसे उपाय अनिवार्य हैं। शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया वक्ताओं ने साइबर शिकायत केंद्र 1930, साइबर हेल्पलाइन और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी प्रदान की, ताकि पीडि़त व्यक्ति समय पर कार्रवाई कर सकें। जागरूकता शिविर में आदित्य रावत अध्यक्ष, तहसील विधिक सेवा समिति इटारसी, श्रीमती अनीता खजूरिया प्रथम जिला न्यायाधीश इटारसी, सूर्यपाल सिंह राठौर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, अधिवक्ता संघ इटारसी के पदाधिकारी, न्यायालयीन कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पक्षकार उपस्थित रहे।








