इटारसी। पुरानी इटारसी स्थित श्री देवल मंदिर में धार्मिक और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक श्री राम विवाह महोत्सव का साप्ताहिक आयोजन धूमधाम से चल रहा है। इस वर्ष समिति अपना 41 वॉ आयोजन कर रही है, जिसके तहत 20 से 26 नवंबर 2025 तक विभिन्न मांगलिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चल रही है। इस महोत्सव में ओरछा की तर्ज पर भगवान श्री राम का विवाह समारोह संपन्न कराया जाता है, जिसमें अब तक 19 जोड़ों का पंजीयन हो चुका है और आने वाले दिनों में और अधिक जोड़ों के पंजीयन की संभावना है।
मुख्य आकर्षण : बारात और विवाह संस्कार
महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण 25 नवंबर, मंगलवार को होगा। शाम 6 बजे, श्री द्वारिकाधीश मंदिर, तुलसी चौक से भगवान श्री रामजी और अन्य सभी दूल्हा राजाओं की भव्य बारात बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ रवाना होगी। यह शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए श्री देवल मंदिर स्थित जनकपुरी पहुंचेगी, जहां सामूहिक विवाह संस्कार की सभी रस्में पूरी की जाएंगी।
25 की शाम के कार्यक्रम
- शाम 7 बजे : आध्यात्मिक प्रवचन
- रात 9 बजे : देवी जागरण (विशेष मंच पर)
- रात 10 बज : बारात का भव्य स्वागत
- रात 11 बजे : जयमाला एवं प्रीतिभोज
- रात 12 बजे : पाणिग्रहण संस्कार (विवाह संपन्न)
कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा
सप्ताह व्यापी इस आयोजन का शुभारंभ 20 नवंबर, गुरुवार को रात 8 बजे रामलीला मंचन के साथ हो चुका है। आज 21 नवंबर 7 शुक्रवार की रात 9 बजे से सुंदरकांड पाठ, 22 नवंबर शनिवार को दिनभर अखंड सीताराम कीर्तन, 23 नवंबर रविवार, सुबह 9 बजे महिला मंडल द्वारा रामसत्ता, 24 नवंबर सोमवार को सुबह 10 बजे मंडपाच्छादन एवं सत्यनारायण कथा, 25 नवंबर मंगलवार को सुबह 9 बजे कन्या भोज एवं भंडारा, 26 नवंबर बुधवार को सुबह 7 बजे विदाई समारोह होगा। आयोजन समिति ने नगरवासियों से इस पुनीत कार्य में शामिल होकर वर-वधू को आशीर्वाद देने और कार्यक्रम को सफल बनाने का हार्दिक आग्रह किया है।








