इटारसी। थाना रामपुर गुर्रा पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस ने इस मामले में एक अपचारी बालक को पकडऩे में भी सफलता हासिल की है। घटना 21 नवंबर 2025 की है, जब फरियादी अनिकेत पुत्र सुरेन्द्र सिंह राजपूत (26), निवासी ग्राम ग्वाड़ी खुर्द ने थाना रामपुर गुर्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पीले रंग की मोटर सायकिल (क्रमांक एमपी 48 जेडए 6824) घर के सामने से अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 146/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साईं कृष्णा थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन, तथा एसडीओपी इटारसी वीरेन्द्र मिश्रा के निर्देशन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विपिन पाल और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी अपचारी बालक को पकड़ा और चोरी गई मोटर साइकिल बरामद कर ली। कार्रवाई में सराहनीय योगदान उप निरीक्षक विपिन पाल, थाना रामपुर गुर्रा सहायक उपनिरीक्षक अनिल शर्मा, हर्षित मौर्य, आरक्षक विजय अखंडे, बृजलाल धुर्वे, टीटू मर्सकोले का रहा।









