इटारसी। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने इटारसी में जनजागरूकता गतिविधियां लगातार तेज हो गई हैं। रविवार को वार्ड 22 और 23 में पार्षद श्रीमती गीता देवेंद्र पटेल ने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) टीम के साथ व्यापक जनसंपर्क किया।
डोर-टू-डोर संपर्क और समस्या समाधान
पार्षद गीता पटेल ने बीएलओ कर्मचारियों के साथ मिलकर घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से प्रपत्र भरने में आने वाली समस्याओं की जानकारी ली और मौके पर ही उनका समाधान सुनिश्चित किया। अभियान के दौरान नए मतदाताओं के पंजीयन (फॉर्म 6), पते में बदलाव या सुधार (फॉर्म 8), तथा मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन (फॉर्म 7) जैसी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी नागरिकों को दी गई।
त्रुटिरहित सूची पर जोर
पार्षद प्रतिनिधि देवेंद्र पटेल ने अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, एक मजबूत और पारदर्शी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए हर मतदाता का डेटा अपडेट होना बेहद आवश्यक है। यदि मतदाता सूची त्रुटिरहित होगी तो मतदान प्रतिशत में भी वृद्धि होगी और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किए जा सकेंगे। जनप्रतिनिधियों की अपील अभियान के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष के नेतृत्व में दोनों वार्डों के मतदाताओं से व्यापक संपर्क किया।
जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दें और अपने दस्तावेज समय पर सत्यापित कराएं। बीएलओ टीम ने घर-घर जाकर नागरिकों को फॉर्म 6, 7 और 8 भरने की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने विशेष रूप से यह बताया कि पात्र युवा मतदाता, जो 18 वर्ष पूर्ण कर चुके हैं, वे अनिवार्य रूप से अपना पंजीयन कराएं ताकि आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।









