इटारसी। मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर, थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने हमराह स्टाफ की टीम बनाकर दो अलग-अलग स्थानों पर प्रभावी दबिश दी, जिसके परिणामस्वरूप अवैध मादक पदार्थ गांजा और अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गांजा तस्करी पर कार्रवाई
एमजीएम कॉलेज के पास से मुखबिर की सूचना पर ईरानी डेरा, इटारसी का रहने वाले जाफर अली पिता आजम अली (उम्र 23 वर्ष) अवैध मादक पदार्थ गांजा बेचने की फिराक में घूमते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी जाफर अली को पकड़ा। उसके कब्जे से 760 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया। जब्त किए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 15,200 रुपये है। आरोपी जाफर अली के विरुद्ध एनडीपीएस की धारा 8/20 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।
अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई
मेहरागांव हाई स्कूल के पीछे से भगत सिंह नगर, नाला मोहल्ला निवासी नसरुद्दीन पिता निजामुद्दीन (उम्र 44 वर्ष) अवैध शराब बेचने की नीयत से घूमते हुए पुलिस ने तत्काल दबिश देकर गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से कुल 15.480 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
जब्त शराब का विवरण
24 क्वार्टर बैक-पाइपर व्हिस्की, 37 क्वार्टर एमडी रम, 25 क्वार्टर सफेद देसी दारू जब्त की है। जब्त अवैध शराब की कुल कीमत 12,980 रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।









