नर्मदापुरम। आज नर्मदापुरम में एनसीसी कैडेट्स को साइबर जागरूकता के संबंध में महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क करना एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना था।
प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को जागरुक कर कहा कि कभी भी किसी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी साझा न करें, अपनी बैंकिंग/व्यक्तिगत जानकारी किसी भी अज्ञात व्यक्ति को फोन पर न दें, किसी प्रकार के एसआईआर फॉर्म, एपीके फाइल डाउनलोड न करें व संदिग्ध कॉल पर कोई जानकारी साझा न करें, अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स में टू-स्टेप वेरिफिकेशन तथा अन्य प्राइवेसी सेटिंग्स का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
यह स्पष्ट किया कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं होती। यदि कोई व्यक्ति डिजिटल अरेस्ट के नाम पर वीडियो कॉल करके धमकाता है या पैसों की मांग करता है, तो तुरंत इसकी शिकायत करें। शिकायत हेतु उपलब्ध माध्यम—
- राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन : 1930
- cybercrime.gov.in
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में साइबर सेल नर्मदापुरम से आरक्षक संदीप यदुवंशी एवं प्रशांत राजपूत उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 300 एनसीसी कैडेट्स ने सहभागिता की और साइबर सुरक्षा के प्रति महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।









