- द पार्क रिसोर्ट के सामने स्थित आरओबी-05 का सरफेस मेंटेनेंस कार्य शुरू
- आपर कलेक्टर राजीव रंजन पाण्डेय ने जारी किए आदेश, यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित।
इटारसी। शहर के मुख्य आवागमन को प्रभावित करने वाली एक बड़ी खबर है। उप मुख्य अभियंता, निर्माण प्रथम, पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल के निर्देशानुसार, इटारसी के द पार्क होटल (रिसोर्ट) के सामने स्थित आरओबी-05 (रेलवे ओवर ब्रिज) की सरफेस मेंटेनेंस का महत्वपूर्ण कार्य शुरू हो गया है, जिसके चलते अगले दो माह के लिए इस मार्ग पर सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
अपर कलेक्टर, जिला नर्मदापुरम, राजीव रंजन पाण्डेय ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बस, ट्रक, डम्पर, ट्रॉला आदि जैसे भारी वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह निर्णय रेलवे अधिकारियों और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) इटारसी के संयुक्त निरीक्षण के बाद लिया गया है।
छोटे वाहनों को मिलेगी राहत
राहत की बात यह है कि आरओबी मेंटेनेंस की अवधि में दो-पहिया, चार-पहिया और अन्य हल्के वाहन पूर्व की तरह आरओबी के माध्यम से आवागमन कर सकते हैं। प्रतिबंध केवल भारी वाहनों पर लागू किया गया है ताकि सरफेस मेंटेनेंस का कार्य सुचारू रूप से और समय पर पूरा किया जा सके।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए, उप-पुलिस अधीक्षक (यातायात) और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी की सहमति पर, निम्नलिखित वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
- होशंगाबाद से इटारसी (मार्ग क्रं. 01) | ब्यावरा से NH-46 (फोरलेन/बाईपास) |
- होशंगाबाद से इटारसी (मार्ग क्रं. 02) | रैसलपुर से NH-46 (फोरलेन/बाईपास) |
- इटारसी से होशंगाबाद (मार्ग क्रं. 03) | भैंरो बाबा मंदिर तिराहा से NH-46 (फोरलेन/बाईपास) वाया धौखेड़ा |
सभी भारी वाहन चालकों और संबंधित ट्रांसपोर्ट कंपनियों को इस अवधि में इन वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सख्त हिदायत दी गई है।









