इटारसी। लोकसभा सांसद एवं रेल मंत्रालय परामर्शदात्री समिति के सदस्य दर्शन सिंह चौधरी नई दिल्ली स्थित संसदीय सौध के मुख्य समिति कक्ष में आयोजित रेल मंत्रालय परामर्शदात्री समिति की बैठक में शामिल हुए। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की।
सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का नेटवर्क निरंतर विस्तार कर रहा है। उन्होंने कहा कि बैठक में भारतीय रेलवे की प्राथमिकताओं की गहन समीक्षा की गई। साथ ही, अवसंरचना के आधुनिकीकरण पर ध्यान केंद्रित करने और यात्रियों व माल ढुलाई दोनों के लिए इसे एक विश्वसनीय, कुशल और सुरक्षित साधन बनाने हेतु एक रणनीतिक रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
होशंगाबाद-नरसिंहपुर के लिए सौंपा प्रस्ताव
बैठक के दौरान सांसद श्री चौधरी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को अपने होशंगाबाद-नरसिंहपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रेलवे स्टेशनों के सर्वांगीण विकास हेतु सुझावों और आग्रहों वाला एक प्रस्ताव भी सौंपा। उन्होंने अवगत कराया कि यह क्षेत्र पश्चिम-मध्य रेलवे के महत्वपूर्ण स्टेशनों के अंतर्गत आता है और यहां यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। यात्रियों की आवश्यकताओं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, सांसद ने स्टेशनों पर सुविधाओं के उन्नयन का आग्रह किया।
उन्होंने नरसिंहपुर, करेली, गाडरवारा, होशंगाबाद, पिपरिया, बनखेड़ी, सालीचौका, सोहागपुर, गुरमखेड़ी, बागरातवा, गुर्रा सोनतलाई, सिवनी मालवा, डोलरिया, और पवारखेड़ा स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने, यात्रियों हेतु छाया शेड के निर्माण, स्वच्छ पेयजल व वाटर कूलर की व्यवस्था, पार्किंग क्षेत्र के विस्तार, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, और शौचालयों के उन्नयन एवं संख्या में वृद्धि करने की मांग रखी गई। इसके अतिरिक्त, सांसद श्री चौधरी ने संसदीय क्षेत्र से संबंधित ट्रेनों के स्टॉपेज (ठहराव) की मांग भी प्रमुखता से उठाई।









