इटारसी। भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय, सुखतवा में गुरुवार, 26 नवंबर 2025 को राष्ट्रीय सेवा योजना, रेड क्रॉस सोसाइटी, स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन और भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया।
प्रस्तावना की शपथ और श्रद्धांजलि
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, भगवान बिरसा मुंडा और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया। प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रहीं। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राधा आशीष पांडे ने उपस्थित सभी लोगों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इसके तुरंत बाद, 26 नवंबर को हुए मुंबई आतंकी हमले (26/11) में शहीद हुए लोगों के प्रति मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
संविधान की आवश्यकता पर विमर्श
डॉ. सतीश ठाकरे ने संविधान की उद्देश्यिका का वाचन किया और विद्यार्थियों को संविधान के महत्व और आवश्यकता के बारे में विस्तार से बताया। श्रीमती कामधेनु पटोदिया ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन वृत्त पर प्रकाश डाला। प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान में दिए मौलिक कर्तव्यों और मौलिक अधिकारों को जानने की आवश्यकता पर बल दिया।
संविधान ट्री और प्रतियोगिताएं
संविधान ट्री का निर्माण : भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. सतीश ठाकरे के नेतृत्व में एक ‘संविधान ट्री’ का निर्माण किया, जिस पर कार्यपालिका, न्यायपालिका, विधायिका और विभिन्न अनुच्छेदों को लिखकर प्रदर्शित किया गया।
भाषण प्रतियोगिता : संजना नागवंशी, करीना कुमरे, शारदा दर्शोमा, और दिलीप मरकाम ने संविधान के विभिन्न पहलुओं पर प्रभावशाली भाषण दिए। संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राधा आशीष पांडे ने किया। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है और इस पर हमें गर्व है।
प्रश्न मंच, निबंध प्रतियोगिता, लघु फिल्म स्क्रीनिंग, रक्तदान जागरूकता रैली, स्वास्थ्य और स्वच्छता तथा सफाई अभियान जैसे कार्यक्रम भी किए। इस अवसर पर डॉ. प्रवीण कुशवाहा, डॉ. धीरज गुप्ता, डॉ. महेंद्र चौधरी, डॉ. सौरभ तिवारी, संध्या उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।









