इटारसी। संपूर्ण भारतवर्ष के साथ-साथ इटारसी में भी जैन समाज के अनुयायियों ने भगवान तारण स्वामी की 577 वीं जयंती को अत्यंत श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया। तारण तरण जैन समाज, इटारसी द्वारा ब्रह्मचारी उषा बहन के पावन सान्निध्य में तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में, अंतिम दिन पालकी की भव्य शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से निकाली गई। इस शोभायात्रा में समाज के सभी आयु वर्ग के सदस्यों ने पूर्ण भक्तिभाव के साथ उत्साह से भाग लिया। बैंड-बाजों की धुन पर भगवान के भजन गाते और भावपूर्ण नृत्य करते हुए श्रद्धालुओं ने धर्म की प्रभावना की।
इस पावन अवसर पर गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा तथा नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने विशेष रूप से शिरकत की। दोनों अतिथियों ने जैन समाज को तारण जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। तीन दिवसीय धर्ममय कार्यक्रम का समापन अंत में पात्र भावना (साधर्मी भोजन) के साथ हुआ, जिसने समाज में एकता और सद्भाव का संदेश दिया।









