- गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर, नागरिकों को मिलेगी बेहतर सुविधा
इटारसी। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने बुधवार को मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के तहत इटारसी के दो महत्वपूर्ण वार्डों—वार्ड 05 और वार्ड 17—में निर्माणाधीन पार्कों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तय की गई समय-सीमा को लेकर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
चौरे ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप ही पूर्ण किए जाएं ताकि ये पार्क नागरिकों के लिए आदर्श स्थल बन सकें। बेहतर मनोरंजन व स्वास्थ्यवर्धक वातावरण वार्ड 05 में निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रतिनिधि अरविंद चंद्रवंशी उपस्थित रहे। अध्यक्ष चौरे ने यहां पार्क में किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों, जैसे लेवलिंग, पाथवे निर्माण, बैठने की व्यवस्था और लाइटिंग के कार्यों की समीक्षा की।
अध्यक्ष ने कहा कि इन पार्कों के तैयार होने के बाद स्थानीय नागरिकों को बेहतर मनोरंजन के साथ-साथ स्वास्थ्यवर्धक वातावरण भी उपलब्ध होगा, जिससे उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार आएगा। पौधारोपण और सुरक्षा पर फोकस वार्ड 17 में भी अध्यक्ष पंकज चौरे ने निर्माणाधीन पार्क का जायजा लिया।
इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि अभिषेक साहू मौजूद रहे। चौरे ने यहां विशेष रूप से पौधारोपण क्षेत्र, बच्चों के खेल उपकरण की स्थापना और सुरक्षा दीवार के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। अध्यक्ष ने दोनों वार्डों के अधिकारियों को दोहराया कि नागरिकों को आने वाले दिनों में जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें, इसके लिए समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य को प्राथमिकता दी जाए।









