इटारसी। तहसील विधिक सेवा समिति इटारसी के तत्वावधान में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सूरजगंज इटारसी में संवैधानिक मूल अधिकार एवं कर्तव्य विषय पर एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समापन विजेताओं को पुरस्कृत करने के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि आदित्य रावत, जिला न्यायाधीश इटारसी, ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि, सपने तभी पूरे होते हैं जब उन्हें खुली आंखों से देखा जाता है। उन्होंने छात्राओं को संविधान में उल्लेखित मूल अधिकारों एवं मूल कर्तव्यों के महत्व पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बल देते हुए कहा कि, देश का नागरिक सच्चा नागरिक तब कहलाता है जब वह अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी पूर्ण निष्ठा से पालन करे। उन्होंने अनुशासन और समर्पण को सपने पूरे करने का आधार बताते हुए छात्राओं को सर्वदा सकारात्मक रहते हुए प्रयास करने की प्रेरणा दी।
विजेताओं को सम्मान
निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान कुमारी दिव्यानी लौवंशी,द्वितीय स्थान कुमारी गीतांजलि नामदेव और तृतीय स्थान कुमारी स्वाति चौरे को मिला। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती विनीता दुबे, वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती शिवि सूद सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।









