इटारसी। मध्य प्रदेश का महत्वपूर्ण रेल जंक्शन अब स्वच्छता के मामले में नई गति पकड़ रहा है। 22 अक्टूबर 2025 से सफाई का ठेका कामधेन सिक्योरिटी नामक नई कंपनी को सौंपे जाने के बाद, स्टेशन की व्यवस्थाओं में आंशिक लेकिन महत्वपूर्ण सुधार दर्ज किया गया है।
तकनीकी उन्नति और कार्यबल का प्रबंधन
रेलवे हेल्थ इंस्पेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नई ठेकेदार कंपनी ने सफाई के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है। कंपनी ने 175 सफाई कर्मियों को उनके काम का सीधा और पारदर्शी भुगतान सुनिश्चित किया है। प्रत्येक कर्मी को प्रतिदिन 541 रुपए सीधे उनके खाते में दिए जा रहे हैं। सफाई कर्मचारी तीन शिफ्टों में 24 घंटे कार्य कर रहे हैं।
आधुनिक मशीनों का उपयोग
स्टेशन की सफाई अब पारंपरिक तरीकों के बजाय आधुनिक मशीनों द्वारा की जा रही है, जिससे प्लेटफॉर्म और ट्रैक दोनों पर बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। सभी सात प्लेटफॉर्म की सफाई के लिए तीन राइड-ऑन मशीनें तैनात की गई हैं। पटरियों पर जमा गंदगी को साफ करने के लिए विशेष जेट मशीन से कार्य किया जा रहा है।
यात्री सुरक्षा पर ध्यान, आवारा पशुओं पर नियंत्रण
यात्री सुरक्षा और स्वच्छता के लिए चुनौती बने आवारा मवेशियों और कुत्तों के प्रवेश को नियंत्रित करने के लिए प्रबंधन ने ठोस कदम उठाए हैं। स्टेशन के दोनों छोर (खंडवा और जबलपुर छोर) पर आवारा मवेशियों को रोकने के लिए दो कर्मचारियों को विशेष रूप से तैनात किया गया है। रेलवे ने नगर पालिका को विधिवत पत्र लिखकर आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए उन्हें पकडऩे और हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।









