इटारसी। ग्राम तीखड़ में शनिवार शाम नदी के किनारे एक 6 फुट लंबा अजगर दिखाई दिया। इसके आकार के कारण ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया। शाम करीब 6:30 बजे, गांव के निवासी यश मेहतो अपने खेत की ओर जा रहे थे, जो नदी के उस पार है। नदी के पास पगडंडी के रास्ते पर ही उन्हें यह अजगर बैठा दिखा। उन्होंने तुरंत गांव के अमित चौधरी को इसकी सूचना दी, जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए वन विभाग को सूचित किया।
सर्पमित्रों का सफल ऑपरेशन
सूचना मिलते ही, वनपरिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देशन में सर्पमित्रों की टीम अभिजीत यादव, अभय चौरे, सचिन दुलारे, और सुरज अहिरवार तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने पाया कि अजगर नदी के किनारे एक सुरक्षित जगह पर बैठा हुआ था। सर्पमित्रों ने बेहद सावधानी और कुशलता से करीब 6 फीट लंबे इस इंडियन रॉक पायथन सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया। इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद, टीम ने अजगर को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया, जिससे उसे नया जीवन मिला। वन विभाग और सर्पमित्रों की इस त्वरित कार्रवाई की ग्रामीणों ने खूब सराहना की है।









