इटारसी। पतंजलि योग समिति, भारत स्वाभिमान और संबद्ध संगठनों द्वारा आज नर्मदापुरम जिले के माखन नगर में एक दिवसीय इंटीग्रेटेड योग शिविर और राज्य एवं जिला कार्यकारिणी की बैठक सफलतापूर्वक हुई। इसका मुख्य उद्देश्य संगठन की मजबूती, योग शिक्षकों के विस्तार और आगामी शिविर की रूपरेखा तय करना था।
सुबह 6 बजे योग शिविर का आयोजन
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे से 8 बजे तक साई मैरिज गार्डन में आयोजित इंटीग्रेटेड योग शिविर से हुई। इस शिविर में भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति, पतंजलि किसान सेवा समिति, युवा भारत और सोशल मीडिया के राज्य पदाधिकारी, वरिष्ठ योग शिक्षक, मुख्य योग शिक्षक, सहयोग शिक्षक सहित 250 नियमित योग साधकों ने भाग लिया। सुबह 10 बजे से, अग्रवाल जैविक कृषि फॉर्म आचलखेड़ा में राज्य एवं जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में भारत स्वाभिमान के राज्य प्रभारी करण सिंह पवार, पतंजलि किसान सेवा समिति के राज्य प्रभारी मुन्नीलाल यादव, भारत स्वाभिमान के सह राज्य प्रभारी भीमराव, सोशल मीडिया के राज्य प्रभारी सतनारायण गौर समेत राज्य कार्यकारिणी के सदस्य और जिले के सभी प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य कार्यकारिणी द्वारा रखे गए प्रस्ताव के तहत, 13, 14, एवं 15 जनवरी 2026 कोमुख्य केंद्रीय प्रभारी डॉ. परमार्थ देव महाराज के सान्निध्य में माखननगर में इंटीग्रेटेड योग शिविर एवं कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया। भारत स्वाभिमान राज्य प्रभारी करन सिंह पवार ने जिले के संगठन का विस्तार करने और सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर लगाकर योग शिक्षकों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। शिविर से पहले जिले की आठों तहसील में स्वामी का भ्रमण कार्यक्रम निश्चित करने का निर्णय लिया। इस दौरान विद्यालय, महाविद्यालय, गुरुकुल और सभी सामाजिक संस्थाओं में कार्यक्रम बनाने पर विचार किया गया।
योग के साथ जैविक कृषि पर फोकस
पतंजलि किसान सेवा समिति के राज्य प्रभारी मुन्नीलाल यादव ने योग के साथ जैविक आहार की उपलब्धता पर बल दिया। उन्होंने किसानों को जैविक खेती, देशी गाय पालन और पतंजलि ऑर्गेनिक रिसर्च इंस्टीट्यूट, हरिद्वार द्वारा संचालित फसल विविधीकरण एवं परंपरागत कृषि विकास योजना के माध्यम से समृद्ध बनाने के कार्यों से अवगत कराया। आयोजन समिति का गठन किया। भारत स्वाभिमान जिला प्रभारी मोहन गौर ने आभार व्यक्त किया।









