इटारसी। थाना केसला पुलिस ने गौवंश के प्रति क्रूरता और वध अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक वाहन से क्रूरतापूर्वक भरे गए 7 मवेशियों को बचाया है। इस दौरान पुलिस टीम ने एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि उसके अन्य साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना आज देर रात करीब 1:30 बजे की है, जब थाना प्रभारी उमाशंकर यादव को आबादीपुरा के पास प्रूफ रेंज के जंगल में एक संदिग्ध वाहन में मवेशी भरे जाने की सूचना मिली।
थाना प्रभारी ने तत्काल झिरन्या और सादपुरा के ग्रामवासियों को सूचित किया और डायल 112 को मौके पर बुलाया। पुलिस और ग्रामीणों को देखकर वाहन में मवेशी भर रहे तीन-चार व्यक्ति गाड़ी और गौवंश को छोड़कर जंगल के अंधेरे में भाग गए। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी का नाम गणेश पिता लक्ष्मी नारायण उर्फ मलकू पठारिया, निवासी चांदकिया है। आरोपी ने पूछताछ में अपने बुआ के लड़के शिवम पवार उर्फ लड्डू निवासी जामुनडोल सहित कुछ अन्य बाहरी लोगों के शामिल होने की जानकारी दी।
जब वाहन की जांच की गई, तो उसमें 2 गाय, 1 नर बछड़ा (नरिया) और 4 बैल सहित कुल 7 मवेशी भरे हुए थे। मवेशियों को रस्सियों से क्रूरतापूर्वक मुंह और पैर बांधकर, एक के ऊपर एक, ठूंसकर भरा गया था। यह गौवंश आबादीपुरा के पास प्रूफ रेंज जंगल से चोरी कर महाराष्ट्र कत्लखाने ले जाने की तैयारी थी। पकड़े गए आरोपी गणेश पठारिया एवं अन्य फरार आरोपियों के विरुद्ध गौवंश वध अधिनियम और पशुओं के प्रति क्रूरता अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है। जब्त किए गए मवेशियों को केसला गौ-शाला ले जाया गया, जहां पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई पूरी कर पशु चिकित्सक से उनका मेडिकल परीक्षण करवाया।









