- एफआईआर के बाद शेष अतिक्रमण हटाने की राह खुली
इटारसी। विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा के एक ध्यानाकर्षण के जवाब में नगरीय विकास एवं आवास विभाग की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि संभागीय मुख्यालय नर्मदापुरम और इटारसी शहरों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात एवं जलप्रवाह को सुगम बनाने की दिशा में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के निर्देशानुसार, नगर पालिका परिषद (नपा) नर्मदापुरम और इटारसी द्वारा संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर कार्रवाई जारी है। विभागीय निर्देशों के पालन में, कई प्रमुख अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं, और बचे हुए अतिक्रमणों को हटाने के लिए अब एफआईआर करने का कार्य भी पूरा हो गया है।
एफआईआर के बाद हटेगा शेष अतिक्रमण
अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास, मप्र भोपाल, और आयुक्त राजस्व नर्मदापुरम संभाग के निर्देशों के अनुपालन में, नगर पालिका परिषद इटारसी ने 14 जुलाई 2025 को तहसीलदार इटारसी को अतिक्रमण चिह्नित करने के लिए सीमांकन कराने हेतु पत्र लिखा था। तहसीलदार इटारसी द्वारा अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध प्रकरण सहित कई मामले दर्ज किए गए हैं, जो वर्तमान में विचाराधीन हैं। नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम ने 28 जुलाई 2025 को तहसीलदार से प्राथमिकता के आधार पर नालों का सीमांकन कराने का अनुरोध किया था, जिसके बाद 28 नवंबर 2025 को एक दल भी गठित किया गया था।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, एफआईआर का कार्य होने के कारण अब तक गठित दल कोई कार्यवाही नहीं कर पाया था। अब एफआईआर का कार्य पूरा होने के उपरांत नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम और नगर पालिका इटारसी द्वारा शेष अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही शीघ्र ही शुरू की जा सकेगी। व्यवस्थित बाजार की पहल स्थानीय हाथ ठेले और फेरी वालों को व्यवस्थित स्थान प्रदान करने के उद्देश्य से, हॉकर कॉर्नर के निर्माण की पहल भी तेज हो गई है। नपा नर्मदापुरम ने 50.00 रुपए लाख की मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना निर्माण योजना के तहत हॉकर कॉर्नर बनाने की स्वीकृति प्राप्त कर ली है।
इटारसी में कलेक्टर द्वारा नजूल शीट 16 के प्लॉट न. 3/1/1/ रकबा 4200.6 वर्गफुट भूमि हॉकर कॉर्नर निर्माण के लिए आवंटित की गई है। इस आवंटित भूमि से तात्कालीन सुचारु न्याय न्यास द्वारा किए अतिक्रमण को तहसीलदार इटारसी ने 21 जुलाई 2025 को चिह्नित किया था। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) इटारसी द्वारा 26 नवंबर 2025 को 03 अतिक्रमणकारियों को हटाने के निर्देश जारी किए हैं। इस निर्माण से हाथ ठेले और फेरी वालों को स्थायी व्यवस्था मिलेगी, जिससे प्रमुख सड़क मार्गों पर क्षेत्रीय नागरिकों की आवाजाही की समस्या दूर होगी।
अभियान के तहत अब तक हुई बड़ी कार्रवाई कलेक्टर जिला नर्मदापुरम और नपा परिषदों की संयुक्त टीम ने वर्ष 2024 में कई महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हटाए हैं, जिससे शहर के प्रमुख मार्गों में यातायात सुगम हुआ है और नालों में जलप्रवाह सुगम हुआ है। मीनाक्षी चौराहा, भोपाल तिराहा, सततरस्ता, इन्द्राचौक, रसूलिया एवं नगरीय क्षेत्र के विभिन्न नालों से स्थायी अतिक्रमण हटाए गए हैं। 04 और 05 नवम्बर 2025 को पॉलिटेक्निक रोड में करीब 180 अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान रोड और नाले पर बनी लगभग 73 दुकानों को हटाया गया। नपा इटारसी ने 30 जनवरी 2025 को नाला मोहल्ला, फकीर मोहल्ला स्थित शासकीय मार्ग से अतिक्रमण हटाया, जिसमें हनुमान मंदिर सहित 05 स्थायी और 18 अस्थायी अतिक्रमण शामिल थे।









