इटारसी। नर्मदापुरम जिले की केसला तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत चारटेकरा ने ग्राम में लगातार हो रही भैंस और गाय की चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस थाना प्रभारी को कार्रवाई के लिए एक पत्र सौंपा है। पत्र में ग्राम पंचायत ने उल्लेख किया है कि पिछले एक वर्ष से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मवेशियों की चोरी की जा रही है, जिसकी सूचना पहले भी थाने में दी जा चुकी है।
ग्राम पंचायत चारटेकरा ने अपने पत्र में थाना प्रभारी केसला, जिला नर्मदापुरम को संबोधित करते हुए, इस संबंध में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्राम पंचायत द्वारा दिए गए विवरण के अनुसार, चोरी गए मवेशियों का अनुमानित मूल्य लाखों में है।
पत्र में तीन प्रमुख घटनाओं का उल्लेख
- चंद्रशेखर बारस्कर, निवासी छिंदापानी: इनकी 80,000 रुपए कीमत की 02 भैंस चोरी हुई।
- मोहन यादव : इनकी 90,000 रुपए कीमत की भैंस चोरी हुई।
- दयालाल यादव : इनकी 03 लाख रुपए कीमत की 03 भैंस और सुखराम यादव की 05 भैंस, जिनकी कीमत लगभग 2 लाख 80 हजार रुपए है, चोरी हुई।
ग्राम पंचायत के अनुसार, इन चोरी की घटनाओं में कुल 8,50,000 रुपए मूल्य के मवेशियों की चोरी हो चुकी हैं, और चोर अब तक नहीं पकड़े गए हैं। ग्राम पंचायत ने की अपील ग्राम पंचायत चारटेकड़ा ने थाना प्रभारी से निवेदन किया है कि भैंस एवं गाय चोरी के गिरोह को जल्द से जल्द पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि ग्रामीण पशुपालकों को राहत मिल सके और उनका नुकसान रोका जा सके।









