- सिस्टम की लापरवाही से रामप्रसाद भल्लवी ने गंवाई जान
- कंपनी ने 9 लाख और नौकरी का आश्वासन दिया
इटारसी। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के गुर्रा सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले ग्राम बीलखेड़ी में सोमवार शाम लगभग 4:30 बजे, डीपी पर सुधार कार्य कर रहे एक आउटसोर्स लाइनमैन की अचानक करंट लगने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर विद्युत विभाग के सुरक्षा मानकों और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अचानक आया करंट, गई जान
मृतक लाइनमैन की पहचान केसला निवासी रामप्रसाद भल्लवी (28 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया है कि रामप्रसाद जैसे ही बीलखेड़ी गाँव स्थित डीपी पर सुधार कार्य करने के लिए चढ़ा, उसी दौरान अचानक डीपी में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे उन्हें ज़ोरदार झटका लगा और उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। कर्मचारियों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि जब एक लाइनमैन डीपी पर काम कर रहा था, तब सुरक्षा शटडाउन प्रोटोकॉल का पालन क्यों नहीं किया गया और बिजली अचानक बहाल कैसे हो गई। यह घटना स्पष्ट रूप से ड्यूटी के दौरान व्यवस्था की गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करती है।
विभागीय आश्वासन और पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही गुर्रा पुलिस मौके पर पहुँची और वैधानिक कार्रवाई शुरू की।मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के डीजीएम श्री संदीप पांडे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के परिवार को कंपनी की ओर से हर संभव सहायता दी जाएगी।
उन्होंने घोषणा की कि आउटसोर्स मृतक लाइनमैन के परिवार को 5 लाख कंपनी की ओर से, 4 लाख विभागीय सहायता और पेंशन का लाभ, परिवार के एक सदस्य को कंपनी में नौकरी की व्यवस्था भी कराई जाएगी। डीजीएम ने यह आश्वासन दिया कि इस सुरक्षा चूक की जांच की जाएगी और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।








