इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे, आगामी माघ मेला-2026 के अवसर पर तीर्थयात्रियों की अत्यधिक भीड़ को ध्यान में रखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यात्रियों को बेहतर सुविधा और अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से, इटारसी-प्रयागराज छिवकी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 11273/11274) ट्रेन को अस्थायी रूप से चुनार जंक्शन तक विस्तारित किया जा रहा है। रेलवे द्वारा यह विस्तारित परिचालन 01 जनवरी 2026 से 17 फरवरी 2026 तक दोनों दिशाओं में कुल 47-47 ट्रिपों के लिए किया जाएगा।
विस्तारित संचालन की समय-सारणी
- गाड़ी संख्या 11273 इटारसी-प्रयागराज छिवकी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 17.15 बजे इटारसी से प्रस्थान करेगी और मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव कर अगले दिन सुबह 09.55 बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी। प्रयागराज छिवकी से आगे, यह ट्रेन मेजा रोड 11.10 बजे, मांडा रोड 11.30 बजे, विन्धांचल 11.58 बजे और मिर्जापुर 12.13 बजे आगमन/प्रस्थान करते हुए दोपहर 13.30 बजे चुनार पहुंचेगी।
- गाड़ी संख्या 11274 (चुनार-इटारसी एक्सप्रेस) वापसी में, गाड़ी संख्या 11274 चुनार-इटारसी एक्सप्रेस चुनार से शाम 16.30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन मिर्जापुर 16.55 बजे, विन्धांचल 17.13 बजे, मांडा रोड 17.45 बजे और मेजा रोड 18.08 बजे पहुंचेगी, जिसके बाद यह 19.45 बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी। प्रयागराज छिवकी से यह ट्रेन मानिकपुर 23.05 बजे आगमन कर मध्यवर्ती स्टेशनों पर पूर्ववत समय-सारणी के अनुसार ठहराव करते हुए अगले दिन सुबह 11.30 बजे इटारसी स्टेशन पहुंचेगी।
यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि यह निर्णय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इटारसी से मानिकपुर स्टेशनों के बीच ठहराव समय दोनों दिशाओं में पूर्ववत रहेगा (अर्थात कोई बदलाव नहीं है)।









