नर्मदापुरम। नगर पालिका परिषद ने शहर के प्रमुख सड़क मार्गों पर यातायात अवरुद्ध करने वाले फल एवं सब्जी विक्रेताओं के खिलाफ आज से बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। अतिक्रमण हटाने के लिए नपा का राजस्व दल पूरी मुस्तैदी के साथ सड़कों पर उतरा और फल-सब्जी विक्रेताओं के ठेले हटाकर उन्हें निर्धारित स्थानों पर पहुंचाया।
राजस्व शाखा के अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी दी है कि यदि दोबारा सड़क मार्गों को अवरुद्ध किया गया, तो उन पर भारी जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर कार्रवाई
राजस्व शाखा के अकबर खान एवं हरीश गोस्वामी ने बताया कि यह कार्रवाई नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के सीधे निर्देश पर की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना और आम जनता को जाम से मुक्ति दिलाना है।
आज इन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
अतिक्रमण दल ने आज नगर के कई व्यस्ततम क्षेत्रों को निशाना बनाया, जिनमें मुख्य रूप से सतसस्ता, इंदिरा चौक, नेहरू पार्क, एसएनजी स्कूल सहित अन्य प्रमुख सड़क मार्ग शामिल हैं। इन क्षेत्रों से यातायात अवरुद्ध करने वाले सभी फल सब्जी विक्रेताओं के ठेले हटाए गए और उन्हें व्यवस्थित स्थान पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण करते पाए जाने पर किसी भी विक्रेता को बख्शा नहीं जाएगा और उन पर कठोर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह अतिक्रेमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि सड़कों पर व्यवस्था बनी रहे।









