इटारसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी अभियान मेरा युवा भारत के अंतर्गत आदर्श आवासीय विद्यालय तवानगर और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तवानगर के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय खेल महोत्सव का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन नर्मदापुरम की जिला युवा अधिकारी श्रीमती मोनिका चौधरी के मार्गदर्शन में हुआ, जिसमें ज्ञान सरोवर वेलफेयर सोसाइटी नर्मदापुरम ने सहयोगी संस्था के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया।
प्रतियोगिताओं में गोला फेंक, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, भाला फेंक जैसे प्रमुख खेल शामिल थे। खेल प्रतियोगिताओं के बाद, विजेता प्रतिभागियों को संस्था की ओर से सम्मानित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मैडल एवं ट्रॉफी प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों को स्पोट्र्स किट वितरित की गई और युवा मंडलों को भी खेल सामग्री प्रदान की गई, ताकि वे अपनी खेल गतिविधियों को जारी रख सकें। आयोजकों और अंपायरों का सम्मान कार्यक्रम में सहयोग देने वाले प्रमुख व्यक्तियों को भी सम्मानित किया।
संस्था के प्राचार्य दीपक सोनी एवं आयोजन अंपायर कृपाराम ठाकुर, एसके जनोरिया, और विवेक यादव को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतीक चिन्ह रूपी शील्ड भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में माय भारत केंद्र नर्मदापुरम से साहिल तिलोतिया एवं ज्ञान सरोवर वेलफेयर सोसाइटी से सरजीत मस्कोले की विशेष उपस्थिति रही। इस पूरे आयोजन में संस्था के अधीक्षक भूपेंद्र साहू का पूर्ण सहयोग मिला।









