इटारसी। विद्युत वितरण कंपनी द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने के लिए तानाशाही पूर्ण रवैया अपनाने और घरों की अनावश्यक रूप से बिजली काटने के विरोध में इटारसी के वार्ड 8 के निवासियों ने आज एसडीएम कार्यालय जाकर एसडीएम से शिकायत की। नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल के नेतृत्व में पीडि़त परिवारों ने एसडीएम से मुलाकात कर अपनी परेशानी बताई।
25-30 घरों की काटी गई बिजली
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि विद्युत वितरण कंपनी द्वारा वार्ड के निवासियों पर लगातार स्मार्ट मीटर लगाने का दबाव बनाया जा रहा है। इसी दबाव के चलते, कल कंपनी द्वारा क्षेत्र के लगभग 25 से 30 घरों की बिजली काट दी गई, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह तानाशाही है, उग्र आंदोलन की चेतावनी
नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आम लोगों के साथ जो यह रवैया अपनाया जा रहा है, वह कतई स्वीकार्य नहीं है। स्मार्ट मीटर नहीं लगाने के चलते बिजली काट देना पूर्णत: तानाशाही की श्रेणी में आता है। श्री जायसवाल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द सभी घरों की कटी हुई बिजली बहाल नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी लोगों को साथ लेकर बिजली विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी।
एसडीएम ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
एसडीएम इटारसी ने पीडि़त परिवारों की बात सुनने के बाद तत्काल बिजली अधिकारियों से चर्चा की और आज ही सभी घरों की बिजली जोडऩे के निर्देश दिए। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के गोल्डी बैस एनएसयूआई प्रदेश महासचिव, प्रतीक मालवीय युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष, गौरव चौधरी, सौम्य दुबे विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष, अर्चित नामदेव, आकाश चौधरी, अन्नू चौरे सहित वार्ड के नागरिक भारी संख्या में मौजूद रहे।









