इटारसी। दिसंबर का महीना बीत रहा है, लेकिन इटारसी में इस वर्ष पिछले सालों जैसी कड़ाके की ठंड महसूस नहीं हो रही है। राजधानी भोपाल से महज 100 किलोमीटर की दूरी पर भी जहां बर्फीले मौसम का आंशिक असर बताया जा रहा है, वहीं इटारसी में दिन के वक्त तेज धूप और शुष्क मौसम बना हुआ है। न घना कोहरा दिख रहा है, न ओस का असर और न ही कंपकंपा देने वाली शीतलहर।
तापमान और वर्तमान स्थिति
वर्तमान में इटारसी में न्यूनतम तापमान लगभग 11 डिग्री सेल्सियस से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो रहा है। यह तापमान दिसंबर के अनुरूप कम नहीं है, जिसके कारण दिन में तीखी धूप महसूस हो रही है। ठंड का असर केवल सुबह और देर रात के बाद ही सीमित है। जहां दिसंबर में रात में बाहरी सामानों पर स्पष्ट ओस, घना कोहरा, सुबह और देर रात कोहरा/धुंध, कंपकंपाने वाली शीतलहर, उत्तरी हवाओं से तेज ठंड महसूस होती थी, इस वर्ष ऐसा कुछ देखने को नहीं मिल रहा है, अलबत्ता हल्की ठंड और रात के वक्त कुछ तेज ठंड महसूस हो रही है।
ठंड कम होने का कारण
मौसम विभाग से प्राप्त और अनुमानित जानकारी के अनुसार, इटारसी समेत मध्य भारत के कई हिस्सों में इस वर्ष दिसंबर की शुरुआत से ही मौसम शुष्क बना हुआ है। उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में कोई मजबूत और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं आ रहा है, जो बर्फबारी और बारिश कराए। इससे उत्तर दिशा से आने वाली बर्फीली हवाओं की धार कमजोर पड़ रही है। चूंकि मौसम शुष्क है, इसलिए हवा में नमी का स्तर पर्याप्त नहीं है। ओस और घना कोहरा बनने के लिए हवा में नमी की उच्च मात्रा और साफ आसमान का होना आवश्यक है। उत्तरी क्षेत्रों में शीत लहर होने के बावजूद, उन ठंडी हवाओं का प्रभाव इटारसी तक पूरी तीव्रता से नहीं पहुंच पा रहा है।
कब बढ़ेगी ठंड?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इटारसी में अगले एक सप्ताह तक लगभग 19 दिसंबर तक मौसम शुष्क और साफ बने रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच ही बना रह सकता है। शुष्क मौसम के चलते फिलहाल घने कोहरे या रात के वक्त ओस का असर दिखने की संभावना बहुत कम है। शीतलहर का अनुमान दिसंबर के अंतिम सप्ताह या जनवरी की शुरुआत में जब उत्तरी हवाएं तेज होंगी और मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ेगी, तब इटारसी में भी कड़ाके की ठंड, कंपकंपी और शीतलहर का असर महसूस किया जा सकता है। फिलहाल, इटारसी के लोगों को कड़ाके की ठंड के लिए कुछ दिन और इंतजार करना होगा।







